- बिलाई चीनी मिल पर अभी तक 307 करोड़ 89 लाख रुपये बकाया
- किसानों ने क्रय केंद्र बदलवाने के लिए डीसीओ को दिया प्रस्ताव पत्र
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बिलाई चीनी मिल द्वारा किसानों से खरीदे गन्ना मूल्य का अभी तक भुगतान नहीं किया है। बिलाई चीनी मिल बकाया गन्ना मूल्य भुगतान करने में सबसे फिसड्डी है। चालू पेराई सत्र का बिलाई चीनी मिल अभी तक 33.88 प्रतिशत ही गन्ना मूल्य का भुगतान कर पाई है। भुगतान नहीं करने पर किसान बिलाई मिल से नाराज है। वह बिलाई चीनी मिल के क्रय केंद्र की जगह अन्य मिलों के केंद्र की मांग कर रहे हैं।
ग्राम पंचायत बिसाठ निवासी अनेक किसान बुधवार को जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पहुंचे, वहां उन्होंने डीसीओ से मुलाकात कर उन्हें एक प्रस्ताव दिया। किसानों ने डीसीओ से बिलाई चीनी मिल की जगह चांगीपुर चीनी मिल व बिजनौर चीनी मिल को क्रय केंद्र आवंटन करने की मांग की है। किसानों ने कहा कि गांव के किसान बिलाई चीनी मिल को बिल्कुल भी गन्ना आपूर्ति नहीं करेंगे। गन्ना मूल्य भुगतान नहीं, तो गन्ना आपूर्ति भी नहीं। प्रदर्शन करने वालों में विजय पाल सिंह, नागेन्द्र सिंह, नुकेंद्र सिंंह, दिलावर सिंह, महेश शर्मा, कुलदीप सिंह, गजेंद्र सिंह, जगवीर सिंह, रामेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, चंद्रपाल सिंह, जगवीर सिंह, अशोक कुमार, अंकित, कल्याण सिंह आदि उपस्थित रहे।
बिलाई मिल पर 307 करोड़ 89 लाख रुपये बकाया
जनपद में गन्ना पेराई के लिए नौ चीनी मिलें स्थापित हैं। जनपद की सभी चीनी मिलें अभी तक 88.09 प्रतिशत भुगतान कर चुकी हैं, लेकिन बिलाई चीनी द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान बहुत धीमी गति कर रही है। बिलाई चीनी मिल अभी तक 33.88 प्रतिशत यानी 150 करोड़ 81 लाख रुपये का ही भुगतान कर पाई है। बिलाई चीनी मिल पर 307 करोड़ 89 लाख रुपये बकाया चल रहा है।