बिजनौर- अलीपुर मिट्ठन में मार्ग पर जलभराव और कीचड़। स्रोत-ग्रामीण
बिजनौर। रायपुर सादात से गांव अलीपुर मिट्ठन जाने वाला मार्ग बदहाल है। डंपर सहित बड़े वाहनों के आवागमन से मार्ग पर जलभराव और कीचड़ हो गया है। ग्रामीणों और विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
रायपुर सादात के चौराहे से गांव अलीपुर मिट्ठन जाने वाला मार्ग डंपर और बड़े वाहनों के आवागमन से बदहाल हो गया है। करीब दो किलोमीटर तक मार्ग पर जलभराव और कीचड़ होने से लोग परेशान हैं। इसी मार्ग से गांव नरूल्लोपुर और ज्वाली के लोगों का भी आवागमन रहता है। रायपुर सादात पहुंचने के लिए ग्रामीणों और विद्यार्थियों को मार्ग के जलभराव और कीचड़ से होकर जाना पड़ रहा है।
ग्रामीण धनीराम, विपिन, सूरज सिंह, अंकुर कुमार का कहना है कि कई बार डंपर और बड़े वाहनों को रोककर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। शिकायत पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन न तो डंपर और बड़े वाहनों का वाहनों का बंद हुआ और न ही सड़क की हालत दुरुस्त हुई। शिकायत पर प्रशासन ने उल्टा ग्रामीणों को ही चुप करा दिया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मामले में संज्ञान लेते हुए मार्ग को आमजन की सुविधा के लिए दुरुस्त कराने की मांग की।