बिजनौर में बिलाई चीनी मिल में गन्ना महाप्रबंधक परोपकार सिंह से बात करते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : BIJNOR
गन्ना खेतों में छोड़ मिल बंद करने पर आंदोलन की दी चेतावनी
बिजनौर। भाकियू के प्रतिनिधिमंडल ने बिलाई चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक से मिलकर शत प्रतिशत गन्ने की पेराई करके ही मिल बंद करने को कहा। गन्ना होते हुए भी मिल बंद करने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह को पत्र लिखा है। कहा है कि किसानों ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में चीनी मिलों व प्रशासन को पूरा सहयोग दिया है। लेकिन जिले की कोई भी चीनी मिल गन्ना खत्म होने से पहले बंद हुई तो भाकियू आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। बिलाई चीनी मिल के अफसर किसानों से मिल गेट व क्रय केंद्रों को 23 मई को बंद करने की बात कह रहे हैं। जबकि किसानों के खेतों में अभी काफी गन्ना खड़ा हुआ है। एडिशनल बांड की पर्ची भी अभी बची हुई हैं। भाकियू जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बिलाई चीनी मिल का निरीक्षण कर गन्ना महाप्रबंधक परोपकार सिंह से बात की। कहा कि किसानों का गन्ना खेतों में छोड़कर मिल बंद करने के बारे में सोचे भी नहीं। जब तक किसानों के खेतों में गन्ना है तब तक मिल को किसी भी कीमत पर बंद नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान जिला महासचिव सुनील प्रधान, प्रमोद कुमार, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।