-बिजनौर में करीब 25 प्रतिशत तक बढ़ गई है टाइल्स की कीमत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। टाइल्स बाजार पर इस्राइल-ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर साफ दिखाई देने लगा है। गुजरात के टाइल्स उद्योग बंद होने से अब स्थानीय बाजार में कीमतों पर पड़ रहा है। बिजनौर में 10 से लेकर 25 प्रतिशत तक टाइल्स की कीमतों में उछाल आया है।
एलएनजी गैस (द्रवीकृत प्राकृतिक गैस) की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण गुजरात के ज्यादातर टाइल्स निर्माण उद्योग अस्थायी रूप से बंद हो गए हैं। इसकी वजह से कीमतों में वृद्धि हुई है। पहले जो टाइल्स प्रति 40 रुपये थी, अब उसकी कीमत 50 रुपये हो गई है। इसके अलावा 30 रुपये प्रति फुट वाली टाइल्स 38 रुपये फुट में मिल रही है। जिसके चलते अब टाइल्स आम उपभोक्ता की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। इससे टाइल्स बाजार की चमक भी फीकी पड़ गई है।
स्थानीय टाइल्स विक्रेता सचिन जैन, सुंदर और हर्ष का कहना है कि एलएनजी गैस की कमी के चलते फैक्ट्रियों का उत्पादन प्रभावित हुआ है। उत्पादन घटने से सप्लाई कम हो गई और इसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा है। उन्होंने बताया कि पहले जहां रोजाना अच्छी बिक्री हो जाती थी, वहीं अब ग्राहक केवल जरूरत भर की खरीदारी कर रहे हैं या काम टाल रहे हैं। फिलहाल महंगाई और सप्लाई संकट के चलते टाइल्स कारोबार मंदी के दौर से गुजर रहा है। स्थानीय विक्रेताओं का कहना है कि अगर, जल्द ही गैस आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आने वाले समय में कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।