हाईवे पर भी चलना जोखिम से कम नहीं
नजीबाबाद। नजीबाबाद-हरिद्वार नेशनल हाईवे के गड्ढे यात्री और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हैं। दुपहिया वाहन अक्सर गड्ढों से अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
नगर से होकर गुजरने वाला नजीबाबाद-हरिद्वार नेशनल हाईवे तीर्थनगरी हरिद्वार को जोड़ता है। नेशनल हाईवे से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहित यात्री सफर करते हैं। हाईवे पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे यात्रियों के लिए मुसीबत बने हैं। छोटे-बड़े वाहन चालक मोटाआम तिराहा, मालन नदी पुल क्षेत्र, अदब सिटी, बिजौरी तिराहा, रतनाल नदी पुल क्षेत्र, राहतपुर खुर्द, मंडावली, कांठपुर के सामने और भागूवाला में नेशनल हाईवे पर बने गड्ढों से जोखिम भरा सफर तय कर रहे हैं। दुपहिया वाहन तो अक्सर खस्ताहाल गड्ढों में फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। नागरिकों मुकेश शर्मा, अबरार, दिनेश शर्मा, मुस्तकीम, नईम सिद्दीकी, कपिल आदि का कहना है कि एनएच कर्मचारियों की उदासीनता से नेशनल हाईवे को अभी तक गड्ढायुक्त नहीं किया जा सका है। बरसात के बाद हालांकि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने गड्ढों की फिलिंग तो कराई लेकिन छोटे गड्ढों को छोड़ दिया। वाहनों के आवागमन से छोटे गड्ढे बड़े खस्ताहाल में तब्दील हो गए, जिससे यात्रियों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। नांगलसोती में नांगल-चंदक मार्ग गांव हरचंदपुर में खस्ताहाल है। मार्ग पर गहरे गड्ढे और गड्ढों में जलभराव होने से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
उधर, एसडीएम संगीता का कहना है कि खस्ताहाल नजीबाबाद-हरिद्वार नेशनल हाईवे उनके संज्ञान में है। उन्होंने और डीएम रमाकांत पांडेय ने खस्ताहाल नेशनल हाईवे की स्थिति से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया है। जल्द ही नेशनल हाईवे को गड्ढामुक्त किया जाएगा।