नगीना (बिजनौर)। नगर के माेहल्ला शाहजहीर में अपने खंडहरनुमा घर में एक होटल में काम करने वाले वेटर का शव मिला है। शव काफी क्षत-विक्षत था तथा जगह-जगह से खून निकल रहा था। पुलिस के अनुसार चूहों आदि के काटने से मृतक के शरीर से खून निकला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नगर के मोहल्ला शाहजहीर निवासी अजय वर्मा (58) अपने पारिवारिक खस्ताहाल मकान में अपने भाई राजकुमार के साथ रहता था। अजय, होटल आदि पर वेटर का काम करता था और देर रात तक अपने मकान पर पहुंचता था। राजकुमार ने रविवार की दोपहर रिश्तेदारों को अजय के बीमार होने की सूचना दी। जब परिवार व मोहल्ले के लोग घर के भीतर पहुंचे तो अजय मृत अवस्था में पलंग पर पड़ा था।
उसके शरीर के कई हिस्सों से खून निकल रहा था। पुलिस का कहना है कि शव करीब दो दिन पुराना है। चूहों के काटने से मृतक के शरीर के कई हिस्सों से खून निकला है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि दोनों भाइयों में से किसी की शादी नहीं हुई। दोनों लगभग खंडहर हो चुके अपने पैतृक घर में ही रहते थे। मृतक का भाई राजकुमार इधर-उधर घूमता-फिरता रहता है।
वह कभी कभार ही घर पर आता है। रविवार दोपहर उसने अजय को बिस्तर पर पड़े देखा तो उसे लगा कि वह बीमार है। इसलिए उसने पड़ोसियों और शहर में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के ही अन्य सदस्यों को उसके बीमार होने की खबर दी।