मालन नदी पर श्रमदान कर हर साल अस्थायी पुल बनाते हैं ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
नांगलसोती। गांव पूंडरीकला और आस-पास के ग्रामीणों ने मालन नदी पर अस्थायी पुल बनाने की कवायद शुरू कर दी है। चंदा एकत्र करने के लिए गांव के किसानों से संपर्क किया गया।
पूंडरीकला के किसान सुबोध राजपूत, अरुण कुमार, मुन्नु, संदीप, सीटू का कहना है कि मालन नदी पर पक्का और स्थायी पुल बनाने की मांग ग्रामीण कई वर्षों से कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। गांव बरकातपुर, पूंडरीकला, पूंडरी खुर्द, कामराजपुर, सबलपुर बीतरा को किरतपुर के बाजार सहित भोजपुर, खेड़ी, बरमपुर, मौजमपुर, नया गांव से जोड़ने के लिए ग्रामीणों ने पूंडरीकला के निकट मालन नदी पर अस्थायी पुल बनाया था। किसानों ने मालन नदी के उफान से पूर्व ही अस्थायी पुल को स्वयं हटा लिया था। ग्रामीणों ने लोहे के गाटर और बल्लियों को बचा लिया, लेकिन ह्यूम पाइप क्षतिग्रस्त हो गए।
ग्रामीणों में पूंडरीकला और आस-पास के किसानों ने अस्थायी पुल निर्माण के लिए संपर्क शुरू किया है। ग्रामीणों ने कहा कि बरकातपुर चीनी मिल हर वर्ष अस्थायी पुल बनाने में किसानों की मदद करती है। जल्द ही किसानों का प्रतिनिधिमंडल चीनी मिल प्रशासन से मिलेगा।
रपटे के प्रस्ताव को नहीं मिली थी मंजूरी
ग्रामीणों की मांग और सीडीओ के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने पूंडरीकला के निकट मालन नदी पर पक्का रपटा बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। वित्तीय वर्ष 2023-24 में लोनिवि के प्रस्ताव को शासन से अनुमति नहीं मिली। इससे ग्रामीण मायूस हैं।