रेहड़ के गांव विजयनगर में ग्रामीणो ने बल्लियॉ लगाकर किया रास्ता बंद।
- फोटो : BIJNOR
ग्रामीणों ने खुद ही गांव का किया रास्ता बंद
कादराबाद। क्षेत्र में दो युवकों के कोरोना पॉजिटिव मिलने से ग्रामीण चिंतित हैं। उन्होंने खुद ही गांव के रास्ते बंद कर बाहर से आने जाने वाले लोगों पर रोक लगाई है।
बीते दिन क्षेत्र में छह कोरोना पॉजिटिव में से दो गांव रसूलपुर में होने से क्षेत्र की 12 भूतपूर्व सैनिक कॉलोनियों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार को गांव कादराबाद, विजयनगर के ग्रामीणों ने सुरक्षा की दृष्टि से गांव में बल्लियां लगाकर रास्ते बंद कर दिए। आवाजाही पर पाबंदी लगा दी। ग्राम प्रधान परिमला रावत सहित दर्शन सिंह, उमेश, पुरन सिंह, संगम आदि का कहना है कि महाराष्ट्र या अन्य प्रदेश से आने वाले लोगों की व्यवस्था गांव के बाहर ही विद्यालय में ग्रामीणों के सहयोग से की जाएगी। गांव में किसी भी बाह्य व्यक्ति को आने नहीं दिया जाएगा। सब्जी -फल आदि भी ग्रामीण अपने स्थानीय लोगों से ही खरीदें। ग्रामीणों का कहना है कि एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव मिलने से पूरे गांव को परेशानी का सामान करना पड़ता है।