- स्थायी रपटा बनवाने की प्रशासन से मांग
नांगल सोती। पूंडरीकला-बरमपुर संपर्क मार्ग के बीच मालन नदी पर ग्रामीणों ने श्रमदान कर अस्थायी रपटा बना लिया है। बरसात में नदी के तेज बहाव से रपटा बह गया था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
पूंडरीकला-बरमपुर संपर्क मार्ग से पूंडरी खुर्द, बरमपुर, खेड़ी, ताहरपुर, भोजपुर, नया गांव, मौअज्जमपुर, पाड़ली सहित कई गांव जुड़े हैं। इस मार्ग से बड़ी संख्या में ग्रामीण रोजाना आवागमन करते हैं। इसी मार्ग से किसान पेराई सत्र के दौरान अपने वाहनों से गन्ना लेकर उत्तम शुगर मिल बरकातपुर को आपूर्ति करते हैं। रपटा बह जाने से किसानों और ग्रामीणों दोनों को परेशानी हो रही थी।
बरकातपुर चीनी मिल की ओर से उपलब्ध कराए गए ह्यूम पाइप और आर्थिक मदद से ग्रामीणों ने श्रमदान कर अस्थायी रपटा तैयार किया। ग्रामीणों सुबोध राजपूत, दुष्यंत कुमार, अरुण कुमार, मुकेश, सुभाष, विजय सिंह आदि ने बताया कि नदी पर बना अस्थायी रपटा हर साल बरसात में तेज बहाव से बह जाता है। लंबे समय से प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से नदी पर स्थायी रपटा बनाने की मांग की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी रपटा बनाने की मांग की है।