विदुरकुटी पर 50 हेक्टेयर में बनेगी विदुर वाटिका
बिजनौर। महाभारत सर्किट में शामिल विदुरकुटी पर पर्यटकों को लुभाने के लिए वन विभाग और प्रशासन ने एक प्रयास किया है। वहां 50 हेक्टेयर जमीन में पौधरोपण कर एक पिकनिक स्पॉट तैयार किया जाएगा। इसमें खास बात यह रहेगी कि करीब दो हेक्टेयर जमीन में केवल औषधीय पौधे ही लगाए जाएंगे। यह बायोडायवर्सिटी पार्क के रूप में तैयार होगा। इसे विदुर वाटिका का नाम देने पर विचार चल रहा है।
जिलेभर में सात जुलाई से पौधरोपण होना है। जिलेभर की बात करें तो 62 लाख पौधे जिलेभर में लगाए जाने हैं। इसके लिए जगह भी चिह्नित की जा रही हैं। ऐसे में प्रशासन ने इस बार नई पहल करते हुए जंगलों को महापुरुषों से जोड़ने की तैयारी की है, ताकि लोग इन जगहों की देखभाल में स्वयं ही जुट जाएं। इसके अलावा इसका एक मकसद लोगों को महापुरुषों के नाम से परिचित कराना भी है।
कदंब, अर्जुन के पौधे भी लगाए जाएंगे
वन विभाग ने यह जमीन विदुरकुटी के सामने गंगा खादर में यह जमीन चिह्नित है। यूं तो इसमें कई तरह के पौधे लगाए जाएंगे, लेकिन इसमें भगवान श्रीकृष्ण के प्रिय पेड़ कदंब के पौधे भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा हरशृृंगार, शमी आदि पौधे भी लगाए जाने हैं। खासतौर में इसमें प्लानिंग कुछ इस तरह होगी की लोग घूमने आएं तो उनकी पिकनिक भी हो सके।
कोट --
औषधीय पौधे लगाने को विदुर कुटी के सामने जमीन चिह्नित कर दी गई है। करीब 50 हेक्टेयर जमीन में पौधरोपण होना है। करीब दो हेक्टेयर जमीन में औषधीय पौधे लगाए जाने हैं। प्रशासन के साथ बैठक में भी इस पर चर्चा हुई थी। सात जुलाई से पौधरोपण शुरू हो जाएगा।
- डा.एम सेम्मारन, डीएफओ, बिजनौर