रांग साइड से दौड़ते वाहन बन रहे हादसों की वजह
बिजनौर। रांग साइड से दौड़ते वाहन हादसों की वजह बन रहे हैं। इनकी वजह से ही आए दिन हादसे हो रहे हैं। ऐसे मामलों में एआरटीओ की ओर से पिछले आठ माह में 200 से अधिक चालान किए गए हैं। इसके बावजूद लोग अपनी आदतों में सुधार लाने को तैयार नहीं हैं।
यातायात नियमों का उल्लंघन कर लोग अपने जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसे लोगों को अपने जिंदगी और दूसरों के जीवन की जरा भी फिक्र नहीं है। इस समस्या को दूर करने के लिए एआरटीओ और यातायात पुलिस लोगों को तमाम तरह से जागरूक करने का प्रयास करते हैं, लेकिन लोग इसमें सुधार करने को तैयार नहीं हैं। अधिकांश होता ये हैं कि लोग एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में रांग साइड से ओवरटेक करने से भी परहेज नहीं करते। इससे हादसे हो जाते हैं और ऐसे वाहन चालकों की मौत तक हो जाती है। पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि गलत दिशा से ओवरटेक करने पर पिछले दो साल में करीब 55 लोगों की मौत हो चुकी है।
एक नवंबर से यातायात पुलिस की ओर से यातायात माह चलाया जा रहा है, जबकि उपसंभागीय परिवहन विभाग की ओर से 18 से 24 नवंबर तक सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से लगातार लोगों को जागरूक करने का प्रयास जारी है, लेकिन फिर भी लोग ऐसा करने से बाज नहीं आ रहे हैं। अफसरों की मानें तो हमेशा वाहन चलाते समय हमेशा अपने आगे चल रही दूसरी गाड़ियों से उचित दूरी बनाए रखें। कई बार आगे चल रही गाड़ी अचानक रुक या मुड़ सकती है। ऐसे में अपनी गाड़ी को भी रोका जा सकता है। सुरक्षा के लिए ऐसा किया जाना बेहद ही जरूरी है। एआरटीओ प्रशासन व प्रवर्तन प्रणव झा के अनुसार रांग साइड से ओवरटेक करने वाले 200 से अधिक वाहन चालकों के चालान काटे गए हैं। इनमें 184 दोपहिया और 16 चौपहिया वाहन शामिल हैं।
रांग साइड से न करें ओवरटेक
हमेशा गलत दिशा से ओवरटेक खतरनाक होता है। सभी वाहन चालकों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि कभी भी गलत दिशा से ओवरटेक न करें। इससे दुर्घटना होने की प्रबल संभावना रहती है। सभी वाहन चालकों को अपनी और दूसरों की जान की फिक्र करनी चाहिए।
ड्राइव करते समय दिमाग रखें शांत
कभी भी तनाव में वाहन न चलाएं। ड्राइव करते समय दिमाग शांत रखें। बिगड़े मूड में हमेशा ड्राइव करने से बचें। ऐसा खुद भी करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। वाहन चलाते समय पूरी तरह से यातायात नियमों का पालन करें। ऐसा करने पर सभी सुरक्षित रह सकते हैं।
बिजनौर में जजी चौक से बाइक पर बैठकर गुजरते चार लोग।- फोटो : BIJNOR