आज से बड़ी मंडी में नहीं लगेंगी सब्जी मंडी
धामपुर। धामपुर की बड़ी मंडी क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के चलते पांच लोगों की हुई मौतों के मामले को लेकर प्रशासन गंभीर हो गया है। एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने सब्जी आढ़त ऐसो. के सदस्यों से वार्ता कर हिदायत दी है कि प्रशासन 21 मई से बड़ी मंडी में सब्जी मंडी को नहीं लगने देगा। केएम इंटर कालेज के मैदान में सब्जी मंडी लगा सकते हैं। उधर, एसडीएम के निर्णय से सब्जी आढ़ती ऐसो. में रोष है। ऐसो. ने 21 मई को हड़ताल करने का एलान किया है।
कोरोना महामारी के चलते प्रशासन की ओर से पिछले साल कई दशकों से चली आ रही सब्जी मंडी को बड़ी मंडी से हटाकर केएम इंटर कालेज के मैदान में शिफ्ट किया गया था, पर वहां पर सब्जी आढ़तियों को मैदान के हाईवे 74 से कई फिट गहरा होने के कारण भारी नुकसान हुआ था। बरसात में काफी माल पानी से नष्ट हो गया था। बाद में वहां से सब्जी मंडी को फिर बड़ी मंडी में शिफ्ट कर दिया गया था, जो वर्तमान में बड़ी मंडी में ही चलती आ रही है।
अब कोरोना की दूूसरी लहर में बड़ी मंडी क्षेत्र में हाल में ही करीब पांच लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है और कई ग्रसित हैं। इस मामले को नागरिकों ने एसडीएम के संज्ञान में लाया था। एसडीएम ने मामले की गंभीरता को लेकर दो दिन पहले सब्जी आढ़ती ऐसो. के अध्यक्ष खुशीराम सैनी, महामंत्री अवरार अहमद व उपाध्यक्ष हैदर अली के साथ बैठक की थी, जिसमें साफ तौर पर निर्देश दिए थे कि वह बड़ी मंडी से सब्जी मंडी को हटा लें। वह 21 मई को सब्जी मंडी को बड़ी मंडी में नहीं लगने देंगे। एसडीएम के निर्णय से ऐसो ने 21 मई को सब्जी मंडी बंद करने का निर्णय लिया है और विधायक अशोक राणा से मिलने का निर्णय लिया है।