अब माह में आठ दिन होगा टीकाकरण
बिजनौर। वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ सरकार की अंतिम जंग शुरू हो चुकी है। इस देशव्यापी अभियान का प्रथम चरण चल रहा है। कोविड-19 के सफल टीकाकरण के बाद अगले चरण की तैयारी शुरू हो गई है। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार अब माह में आठ दिन कोविड-19 का टीकाकरण होगा। प्रत्येक सप्ताह बृहस्पतिवार और शुक्रवार को टीका लगाया जाएगा। वहीं छूटे स्वास्थ्यकर्मियों को सरकार ने एक और मौका दिया है, वे 15 फरवरी को अपना वैक्सीनेशन करा सकते हैं।
देश भर में 16 जनवरी से एंटी कोविड टीकाकरण की शुरुआत हो चुकी है। अभियान के दौरान जनपद में अब तक करीब 14 हजार 297 में से करीब 9740 स्वास्थ्यकर्मी प्रतिरक्षित किए जा चुके हैं और 729 रेवेन्यू अधिकारियों और कर्मचारी को टीका लगाया जा चुका है, जबकि 4557 कोरोना योद्घा स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन नहीं लगाई जा सकी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी अशोक कुुमार ने बताया कि जो चिह्नित लाभार्थी टीकाकरण कराने से किसी कारण से छूट गए हैं, उन स्वास्थ्य कर्मियों को सरकार ने एक और मौका दिया है। वे 15 फरवरी को अपना वैक्सीनेशन करा सकते हैं। उन्होंने सभी चिह्नित टीकाकरण स्थलों के प्रभारी चिकित्सकों से कहा कि टीकाकरण सत्रों पर चिह्नित लाभार्थियों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया जाए, जिससे वे निर्धारित स्थल पर समय से पहुंच कर एंटी कोविड-19 वैक्सीन लगवा लें। उन्होंने आने वाले सत्रों में सभी चिह्नित स्वास्थ्यकर्मियों से खुले मन से कोविशील्ड टीका लगवाने की अपील की है।