हंगामे के डर से बिजलीघर पर लगाया ताला
शिवाला कलां। ग्राम इस्माइलपुर में युवक की करंट से मौत होने से सहमे कर्मचारी बिजलीघर पर ताला लगाकर पूरे दिन गायब रहे। बिजलीघर बंद होने के कारण दर्जनों गांवों की आपूर्ति बाधित रही।
सोमवार की शाम ग्राम इस्माइलपुर में एलटी लाइन पर एबीसी कंडक्टर डाल रहे ग्राम कैमरी निवासी नकुल की मौत हो गई थी, जबकि लोदीपुर मिलक निवासी रोहित और रिंकू घायल हो गए थे। मृतक के परिजनों ने बिजली कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। मंगलवार को मृतक के परिजनों द्वारा बिजलीघर पर हंगामा किए जाने की आशंका को लेकर बिजली कर्मचारी पूरे दिन सहमे रहे। कर्मचारियों ने सुबह ही फीना बिजलीघर के सभी फीडर बंद कर बिजलीघर पर ताला लगा दिया और वहां से चले गए। दर्जनों गांवों की आपूर्ति बाधित रही। देर शाम कर्मचारी बिजलीघर पहुंचे और आपूर्ति सुचारु की। अवर अभियंता सद्दाम अली ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मृतक के परिजन बिजलीघर पर हंगामा करने आने वाले हैं। किसी कर्मचारी के साथ बदतमीजी न हो और बिजलीघर पर कोई नुकसान न हो इसको देखते हुए सभी कर्मचारी बिजलीघर पर ताला लगाकर चले गए थे।