गांव राजपुर नवादा के स्वास्थ्य केंद्र परिसर में खड़ी घास और झांड़ियां
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडावली (बिजनौर)। ग्राम पंचायत राजपुर नवादा में लाखों की लागत से बने उप स्वास्थ्य केंद्र एवं हेल्थ वेलनेस सेंटर का ग्रामीणों को कोई लाभ नहीं मिल रहा। देखरेख के अभाव में उप स्वास्थ्य केंद्र वीरान पड़ा है। स्वास्थ्य केंद्र होने के बावजूद निजी आवास पर टीकाकरण किया जा रहा है।
मंडावली क्षेत्र की ग्राम पंचायत राजपुर नवादा में छह माह पूर्व उप स्वास्थ्य केंद्र एवं हेल्थ वेलनेस सेंटर बनवाया गया था। उप स्वास्थ्य केंद्र से न्याय पंचायत राजपुर नवादा के करीब आठ गांव सिकरौड़ा, लालपुर, कल्याणपुर, हरेवली, हकीमपुर, बाखरपुर आदि जुड़े है। ग्रामीण महिलाएं निर्मला, शिवांगी शर्मा, कमलेश, दयावती, मुन्नी, शमीम, रहनुमा का कहना है कि जब से उप स्वास्थ्य केंद्र बना है, तब से स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण नहीं हुआ।
लाखों रुपये की लागत से बने उप स्वास्थ्य केंद्र के बजाए एएनएम सरिता गांव में किसी व्यक्ति के निजी आवास पर ही टीकाकरण करती है। स्वास्थ्य केंद्र पर सफाई व्यवस्था नहीं होने से वह वीरान पड़ा हैं। पानी के लिए लगा हैंडपंप भी झाड़ियों और कबाड़ में नहीं दिखता। क्षेत्रीय महिलाओं ने उप स्वास्थ्य केंद्र पर नियमानुसार टीकाकरण कराने की मांग की।
राजपुर नवादा में उप स्वास्थ्य केंद्र को बने छह महीने बीत गए है। स्टाफ के स्वास्थ्य केंद्र पर बैठने के निर्देश दिए गए है, लेकिन केंद्र पर स्टाफ के नहीं जाने के मामले में जांच कराई जाएगी। - डॉ. अंकित कुमार, स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी, नजीबाबाद