पालिका की बैठक में ईओ को हटाने के प्रस्ताव पर हंगामा
नहटौर। नगर पालिका में कई मुद्दों को लेकर चल रहे विवाद में पालिकाध्यक्षा के साथ सभासद व अधिशासी अधिकारी आमने सामने आ गए। पालिकाध्यक्षा ने सभासदों के साथ बैठक कर अधिशासी अधिकारी को हटाने संबंधी प्रस्ताव बैठक में रखा। नामित सभासदों ने ईओ को हटाने का प्रस्ताव बैठक में रखने का विरोध किया। बैठक में कुछ देर तक हंगामा भी चला।
नहटौर नगर पालिका के सभागार में चेयरपर्सन फिरोजा खातून ने सभासदों के साथ एक बैठक की। जिसमें ईओ को हटाने संबंधी प्रस्ताव रखने पर हंगामा हो गया। नामित सभासद विनीता शर्मा, सिद्धांत जैन, अरविंद जोशी ने इस प्रस्ताव का विरोध किया। उनका कहना था कि बैठक आनन-फानन में की गई। समयावधि के अनुरूप सूचना नहीं दी गई। ईओ को हटाने के प्रस्ताव को लेकर हंगामा होता रहा। प्रस्ताव पर नामित सभासदों ने हस्ताक्षर नहीं किए। पालिकाध्यक्षा ने कहा कि चार माह से नगर में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। नगर पालिका में स्थायी ईओ व 25 संविदा सफाई कर्मचारी रखने की मांग की जा रही है।
इसके अलावा कुछ संविदा सफाई कर्मचारियों को जो बिजली, ट्यूबवेल आदि पर कार्य कर रहे थे। उन्हें सफाई के कार्य करने के आदेश का मुद्दा भी बैठक में छाया रहा। ईओ सुभाष कुमार का कहना है कि गलत तरीके से भुगतान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिसके लिए उनके द्वारा मना किया गया है। इसी को लेकर उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पालिका में आयोजित बैठक की उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई। यह बैठक अनौपचारिक है। बैठक में महिला सभासदों के स्थान पर उनके पति व सगे संबंधी बैठे हुए थे।