सड़क में मानक अनुरूप सामग्री न लगाने पर हंगामा
अफजलगढ़। गांव रसूलपुर से अगवानपुर के बीच लोनिवि की ओर से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर सड़क निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग न करने का आरोप लगाया। गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार को लोनिवि के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन करते हुए उच्चाधिकारियों से मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग करा मार्ग निर्माण कराने की मांग की है।
गांव अगवानपुर निवासी ग्रामीणों की कहना है कि लोक निर्माण विभाग की ओर से गांव रसूलाबाद से अगवानपुर तक करीब चार किमी मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि मार्ग में एक पुलिया क्षतिग्रस्त है, उसके बीच में गड्ढे हो गए थे। ठेकेदार ने पुलिया की मरम्मत न कराकर उसमें ऐसे ही मिट्टी भर दी और बजरी डालकर मार्ग निर्माण कराया जा रहा है। पुलिया के बंद होने के कारण पानी की निकासी नहीं होगी। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में भी निम्न स्तर की सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। इस संबंध में अनेक बार जेई से पुलिया की मरम्मत व सड़क में मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग किए जाने की मांग की गई, लेकिन ठेकेदार मनमानी कर रहा है।
रविवार को ग्रामीणों ने लोनिवि के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन करते हुए उच्चाधिकारियों से पुलिया की मरम्मत कराने सहित सड़क निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग कर मार्ग निर्माण कराने की मांग की है। इस दौरान ज्ञान सिंह, कमलजीत सिंह, तरसेम सिंह, संदीप, सुख चैन, दलजीत, बलविंदर, अनिल, गुरपेज सिंह व गुरमेल सिंह आदि मौजूद रहे। इस संबंध में लोनिवि के जेई एके एंथानी का कहना है कि ठेकेदार से कहकर सड़क निर्माण में मानक के अनुसार सामग्री का प्रयोग कराया जाएगा। क्षतिग्रस्त पुलिया का इस्टीमेट बनाकर भेजा जाएगा। बजट मिलते ही उसकी मरम्मत कराई जाएगी।