तीन तक हर रूट पर 24 घंटे मिलेंगी बसें
बिजनौर। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के बिजनौर डिपो ने जिले के सभी रूट पर रोडवेज बसों की 25 प्रतिशत ट्रिप बढ़ाई हैं। साथ ही दिल्ली-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर 20 अतिरिक्त बसें चलाई हैं। अफसरों के अनुसार इस बार दस दिन की अवधि में 2400 किलोमीटर की दूरी तय करने पर प्रतिदिन के हिसाब से चालकों-परिचालकों को 400 रुपये और वर्कशॉप कर्मचारियों के 700 से बढ़ाकर 1200 रुपये इंसेंटिव किए गए हैं। यह व्यवस्था 25 अक्तूबर से शुरू हुई है, जो तीन नवंबर तक जारी रहेगी।
भैया दूज पर कुछ बहनें अपने भाइयों के घरों पर मंगल तिलक करने जाती हैं। जबकि कुछ भाई अपनी बहनों के घर आते हैं। यात्रा के दौरान आवागमन में कोई परेशानी न हो इसके लिए बिजनौर डिपो ने यह व्यवस्था की है। दीपावली पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बिजनौर डिपो ने जिले के सभी रूटों पर 25 प्रतिशत ट्रिप और दिल्ली-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर 20 अतिरिक्त बसों का संचालन किया है। तीन नवंबर तक बसों की ऐसी व्यवस्था की जाएगी। परिवहन निगम की बिजनौर स्टेशन पर कुल 116 बसें हैं। इनमें 86 निगम की और 30 अनुबंधित हैं।
यात्रियों की संख्या के हिसाब से हर रूट पर अलग-अलग चार्ट बना है। अब हर रूट पर बसों के चक्कर डबल कर दिए गए हैं। अफसरों के अनुसार इस अवधि में चालकों-परिचालकों और वर्कशॉप कर्मचारियों के इंसेटिंव में भी बढ़ोतरी की गई है। इस दौरान चालकों-परिचालकों और अन्य कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगा दी गई है। एआरएम वीके मौर्य ने बताया कि 25 अक्तूबर से तीन नवंबर तक सभी रूट पर यात्रियों को आवागमन में परेशानी से बचाने के लिए ट्रिप बढ़ाने और 20 अतिरिक्त बसों के संचालन का प्रबंध किया गया है। इस अवधि में हर रूट पर 24 घंटे बसों की व्यवस्था रहेगी।