बिजनौर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे से जारी है। 11 ब्लाक में 4320 कर्मचारी वोट की गिनती करने में लगे हुए हैं। 22989 प्रत्याशी के भाग्य का पिटारा आज खुल जाएगा। वहीं कई केंद्रों पर कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ने से मतगणना देरी से शुरू हुई।
उधर, हल्दौर में सीडी इंटर कॉलेज में कुछ कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ने के कारण अपने निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे बाद मतगणना शुरू हुई। इसके बाद कर्मचारियों को उपचार दिलाया गया। मतगणना के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लघंन किया गया।
वहीं नूरपुर में मतगणना स्थल पर प्रवेश के लिए एजेंटों की भारी भीड़ लगी है। प्रशासन द्वारा कोविड गाइडलाइन का पालन कराने का दावा भी फेल होता नदर आ रहा है। मतगणना स्थल में प्रवेश के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा। उधर, प्रत्याशियों के समर्थक भी बड़ी संख्या में खालसा इंटर कॉलेज के बाहर जमा हुए हैं।
जिले के 11 मतगणना केंद्रों पर पंचायत चुनाव की मतगणना चल रही है। मतगणना में कुछ कर्मचारी संगठनों द्वारा बहिष्कार के आह्वान का असर दिखा। कुछ केंद्रों पर कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ने की खबर आ रही है। दोनों कारणों के चलते मतगणना केंद्रों पर काफी कर्मचारी अनुपस्थित रहे। इसके चलते कई जगह काउंटिंग निर्धारित समय सुबह आठ बजे से कई घंटें देरी से शुरू हुई। मतगणना केंद्रों पर कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां उड़ी। वहीं कोरोना प्रभावित एक अधिकारी बेखौफ मतगणना केंद्र पर घूमते रहे। वहीं सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं हो रहा। कोरोना जांच के नाम खानापूर्ति होने के भी आरोप लग रहे हैं। डीएम व एसपी मतगणना केंद्रों का दौरा कर रहे हैं।
जिले में 19 अप्रैल को ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 11 ब्लाक के 3654 बूथ पर वोट पड़े थे। प्रशासन ने मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली थी। डीएम रमाकांत पांडेय नियमित व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने कोरोना से बचाव के लिए पूर्व में तय नियमों में बदलाव किए हैं। कोरोना जांच को लेकर बने असमंजस को साफ कर दिया है।
एक कमरे में एक एआरओ, नियम हुए सख्त
सीडीओ केपी सिंह ने बताया कि एक कमरे में एक एआरओ रहेगा। प्रत्याशियों के एजेंट डबल मास्क लगाकर आएंगे। सीडीओ केपी सिंह का कहना है कि एजेंट को 48 घंटे पहले की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव दिखाने पर ही प्रवेश मिलेगा। वहीं मतगणना केंद्रों के प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग हो रही है। प्रत्याशी समर्थकों की भीड़ लेकर नहीं आ सकेंगे। बताया कि प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य पद के एक प्रत्याशी का एक एक एजेंट होगा। जिला पंचायत सदस्य के एक ही वार्ड कई कई कमरों में हैं। इसलिए एक प्रत्याशी के तीन से चार एजेंट होंगे।
सुबह आठ बजे से मतगणना
मतगणना के लिए 11 केंद्र है। मतगणना आज सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है। मतगणना दो शिफ्ट में है। पहली शिफ्ट सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक है। दूसरी शिफ्ट रात आठ बजे से मतगणना समाप्त होने तक रहेगी।
4320 कर्मचारी करेंगे वोट कि गिनती
वोटों की गिनती 1080 कर्मचारियों की टीम कर रही है। गिनती 1080 टेबल चल रही है। एक टीम में चार कर्मचारी हैं। इनमें एक सुपरवाइजर वह तीन गणक है। कुल 4320 कर्मचारी वोटों की गिनती कर रहे हैं। 230 कर्मचारियों की टीम रिजर्व में है। एक कमरे में एक एआरओ है।