प्रॉपर्टी डीलर और प्लाइवुड फैक्टरी के मालिक रामदर्शन अग्रवाल के यहां बृहस्पतिवार को जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) की टीम ने छापा मारा। टीम कारोबारी के घर, ऑफिस और फैक्टरी से जरूरी कागजात जब्त करके ले गई। माना जा रहा है कि टैक्स चोरी के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
बृहस्पतिवार को डीजीजीआई की टीम बिजनौर में कारोबारी रामदर्शन अग्रवाल के यहां पहुंची। उनके घर, फैक्टरी और ऑफिस में छापा मारा। टीम सुबह ही बिजनौर पहुंच गई थी। सिविल लाइन स्थित कार्यालय का दरवाजा बंद करके जांच की। जांच पूरी होने तक किसी को भी कार्यालय से बाहर और अंदर आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई।
शहर में डीजीजीआई टीम के पहुंचने की सूचना मिलने पर कारोबारी के यहां खलबली मच गई। टीम ने कारोबारी के बयान भी दर्ज किए। घंटों जांच चलने के बाद टीम जरूरी कागजात को बैग में भरकर अपने साथ ले गई। उधर, इस कार्रवाई पर टीम के सदस्यों ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। वहीं, कार्रवाई के बाद कारोबारी रामदर्शन अग्रवाल का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
ये बोले अधिकारी
यह टीम बाहर से आई थी। हमें इसकी कोई सूचना नहीं दी गई। न ही हमारे यहां से कोई सदस्य टीम में शामिल था।
- कृष्ण कुमार, सहायक आयुक्त, सीजीएसटी बिजनौर