बिजनौर में डीएम उमेश मिश्रा ने वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में हल्दौर ब्लॉक के दो पंचायत सचिवों को निलंबित किया गया है। दोनों पंचायतों के प्रधानों के प्रशासनिक व वित्तीय अधिकार भी सीज किए गए हैं। आगे की जांच के लिए तकनीकी व प्रशासनिक अधिकारी अलग-अलग नियुक्त किए गए।
हल्दौर ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुकरंदपुर में धर्मेंद्र कुमार प्रधान और विनीत कुमार सचिव हैं। डीपीआरओ सतीश कुमार ने पंचायत के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। पंचायत को सीसी रोड निर्माण, हैंडपंपों की मरम्मत, स्वच्छता अभियान, प्राथमिक विद्यालय में टाइल्स लगवाने के लिए अप्रैल 2021 से लेकर फरवरी 2022 तक 15, 69,284 रुपये की धनराशि आवंटित हुई।
आरोप है कि पैसा पंचायत खातों से निकाल लिया गया। निरीक्षण में कराए गए अधिकांश कार्यों के अभिलेख नहीं दिखाए गए। प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितता का मामला बनता है। इसलिए मुकरंदपुर पंचायत के सचिव विनीत कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। जबकि प्रधान धर्मेंद्र कुमार के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज किए गए। आगे की जांच अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी और जिला विकास अधिकारी को सौंपी गई है।
ग्राम पंचायत बल्दिया में पीयूष चौधरी ग्राम पंचायत अधिकारी और रोहित कुमार प्रधान हैं। पंचायत को सीसी रोड निर्माण, प्राथमिक विद्यालय में टाइल्स लगवाने, सफाई उपकरण खरीदने, स्कूल की रंगाई पुताई के लिए 18,17,818 रुपये की धनराशि आवंटित की गई। डीपीआरओ सतीश कुमार के अनुसार निरीक्षण में काम हुए नहीं मिले और अभिलेख भी नहीं दिखाए गए। एक ही मद का दोबार भुगतान किया गया। प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितता का मामला बनता है। इसलिए बल्दिया पंचायत के सचिव पीयूष चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। पंचायत के प्रधान रोहित कुमार के प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार सीज किए। आगे की जांच अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा और जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी को सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें: Big Case: मां-बेटियों की मौत से खाकी पर दाग, टूटा दरवाजा बना बड़ा सबूत, पुलिस ने घर में घुसकर की थी अभद्रता, देखें तस्वीरें