बिजनौर जिले में बृहस्पतिवार सुबह तेज बारिश हुई, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। साथ ही कई जगह पेड़ टूटने से यातायात भी बाधित रहा। जिले में बृहस्पतिवार को 100 एमएम बारिश दर्ज की गई। अधिक बारिश हाेने से जिले के कई मकान टूट गए हैं।
वहीं, ज्यादा बारिश होने से गंगा सहित अन्य नदियों में उफान है। जिले में करीब 30 गांवों में पानी पहुंच गया है। बिजनौर, नजीबाबाद, चांदपुर तहसील नदियों में उफान से प्रभावित हैं। मालन नदी में उफान आने से नजीबाबाद के कई गांव जलमग्न हो गए।
वहीं, जलीलपुर के कई गांवों में गंगा का पानी पहुंच गया है। वहां नाव चलाकर लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है। जहां अधिक पानी है, वहां पीएससी तैनात की गई है। इसके अलावा गंगा बैराज के पार मुजफ्फरगनर के गांवों में भी रेस्क्यू टीम बचाव कार्य में लगी हुई है। गंगा अभी भी खतरे के निशान को छूकर बह रही है।