बिजनौर में सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों का सस्पेंस आखिर गुरुवार को समाप्त हो गया। सपा ने नजीबाबाद, बढ़ापुर, नगीना, धामपुर और नूरपुर पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। सभी को सिंबल भी बांट दिए गए। उधर, रालोद ने बिजनौर से डॉ. नीरज चौधरी को सिंबल दे दिया। बिजनौर सीट पर सपा से डॉ. रमेश तोमर भी सिंबल मिलने का दावा कर रहे हैं। चांदपुर सीट की बात करें तो इस पर अभी भी बात नहीं बनी है और अभी तक किसी का नाम यहां से फाइनल नहीं होने का दावा किया जा रहा है।
बिजनौर में आठ विधानसभा सीटें है। यहां पर कुछ दिन पहले केवल नहटौर पर गठबंधन से रालोद ने मुंशीराम पाल को टिकट दिया था। सीटों के बंटवारे की बात करें तो यहां बिजनौर पर रालोद अपना प्रत्याशी उतारने का दावा कर रही थी। गुरुवार को डॉ. नीरज चौधरी को सिंबल भी दे दिया गया। बिजनौर सीट पर ही सपा से टिकट मांग रहे डॉ. रमेश तोमर ने भी सपा का सिंबल मिलने का दावा कर दिया। हालांकि सपा जिलाध्यक्ष ने बिजनौर सीट से सपा का सिंबल किसी को भी मिलने की पुष्टि नहीं की और पार्टी हाईकमान से बात करने की बात कही।
सपा जिलाध्यक्ष राशिद हुसैन ने बताया कि फोन पर पार्टी हाईकमान से बात हुई है। उन्हें बताया गया है कि नजीबाबाद से विधायक हाजी तस्लीम अहमद, बढ़ापुर से कपिल गुर्जर, नगीना से विधायक मनोज पारस, धामपुर से नईमुल हसन, नूरपुर से राम अवतार सैनी को प्रत्याशी बनाया गया है। इन सभी को सिंबल मिलने की बात भी कही जा रही है।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी: मेरठ कैंट से भाजपा को चुनौती देंगे जिलाध्यक्ष अवनीश काजला, मुजफ्फरनगर में बदले समीकरण