Bijnor News: बिजनौर के गांव बीबीपुरा निवासी मोहसिन अपनी ससुराल गाजियाबाद बच्चों को लेने के लिए जा रहा था। गढ़ में एक ढाबे पर बस रुकी तो पीछा कर रहे हमलावरों ने मोहसिन की हत्या कर दी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
चांदपुर के गांव बीबीपुरा निवासी मोहसिन (28) की गढ़मुक्तेश्वर में हाईवे पर स्थित एक ढाबे पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम होने के बाद शव गांव पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और घर पर बुलडोजर चलवाने की मांग उठाई। उधर, हापुड़ पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
सोमवार को मोहसिन पुत्र महबूब अपनी पत्नी और बच्चों को लेने गाजियाबाद स्थित ससुराल जा रहा था। रास्ते में गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के गांव सरूरपुर स्थित नेशनल हाईवे पर बिस्मिल्लाह ढाबे पर बस रुकी। मोहसिन शौचालय जाने के लिए बस से उतरा, तभी पहले से पीछा कर रहे हमलावरों ने उस पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहसिन को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां मेरठ मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
जमीन को लेकर चल रही थी रंजिश
मोहसिन के छोटे भाई नईम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव निवासी नवाब से उनके परिवार की जमीन को लेकर लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। परिजनों के अनुसार, उन्होंने अपना पुश्तैनी मकान किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया था, जिससे आरोपी पक्ष नाराज था। आरोप है कि नवाब जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था और 12 लाख रुपये की मांग करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी देता था। नईम ने तीन लोगों को नामजद करते हुए पांच लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
फलों का ठेला लगाता था मोहसिन
मोहसिन फलों का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और किराये के मकान में रहता था। वह अपने पीछे पत्नी, पांच वर्षीय पुत्री और तीन वर्षीय पुत्र सहित परिवार को छोड़ गया है। चार भाइयों और सात बहनों में वह तीसरे नंबर पर था।
शव पहुंचते ही पसरा मातम, बाजार रहा बंद
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मोहसिन का शव गांव लाया गया, मोहल्ले में शोक फैल गया। घटना के विरोध में करीब सौ मीटर की दूरी में स्थित दुकानें बंद हो गईं। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए करीब दो घंटे तक हंगामा किया। उनका कहना था कि जब तक हत्यारों को सख्त सजा का आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक शव को सुपुर्द ए खाक नहीं किया जाएगा।
आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला
चांदपुर पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया तथा निष्पक्ष जांच और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। समाजसेवी कपिल चौधरी ने भी पीड़ित परिवार से मिलकर हरसंभव कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए।