- नुमाइश ग्राउंड चौकी से नेताजी सुभाष तिराहे की रोड को बंद किया
- पैदल और दोपहिया वाहन तक को जाने की इजाजत नहीं, लगा दिए बैरिकेड
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। आजादी के बाद से अब तक जिस रास्ते पर लोगों की आवाजाही रही, अब यह रास्ता आम नहीं रहा। दरअसल प्रदर्शनी मैदान से नेताजी सुभाष तिराहे तक सड़क को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। जिस पर बोर्ड लगा है, यह आम रास्ता नहीं है। प्रवेश निषेध है। इस सड़क पर पैदल और दोपहिया वाहनों को भी जाने की इजाजत नहीं है।
बिजनौर रोडवेज बस स्टैंड से मुजफ्फरनगर और मेरठ को आने जाने वाली बसें सुभाष तिराहे से नुमाइश ग्राउंड पुलिस चौकी वाली सड़क से निकलती थीं। पिछले दिनों से इस सड़क से बसों की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी गई थी, सिर्फ कार और दोपहिया वाहन ही निकल पा रहे थे। मेरठ की ओर आने जाने वाली बसों को नुमाइश ग्राउंड से जजी चौक और फिर बस स्टैंड भेजा जाने लगा था।
अब सोमवार को इस सड़क को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। नुमाइश ग्राउंड पुलिस चौकी के पास बैरिकेड लगाकर रास्ते को बंद कर दिया गया। साथ ही यह नोटिस भी चस्पा कर दिया गया कि यह आम रास्ता नहीं है। उधर, सुभाष तिराहे की तरफ से भी बैरिकेडिंग की गई है। यानी सड़क को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इस पर अब बाइक सवार भी नहीं आ जा सकते। जिन्हें नुमाइश ग्राउंड से जजी चौक या फिर नुमाइश ग्राउंड से कलक्ट्रेट वाले रास्ते से होकर बस स्टैंड पर आना जाना पड़ेगा।
जजी मार्ग पर बढ़ा वाहनों का दबाव
इस सड़क को बंद किए जाने के बाद नुमाइश ग्राउंड से जजी चौक के बीच सड़क पर पर वाहनों का बोझ बढ़ गया है। अब पर जाम लगने की संभावना बना करेगी। इसके साथ ही दूरी भी बढ़ रही है।
वर्जन
सड़क बंद करने की जानकारी नहीं है। प्रशासन की ओर से यह सड़क बंद नहीं कराई गई है। पता करा रहे हैं कि क्यों सड़क बंद की गई है। -जसजीत कौर, डीएम बिजनौर