गोशालाओं की स्थिति में सुधार के लिए अनूठी पहल
नजीबाबाद। गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने और पशुचारा प्रबंधन के लिए तहसील ने अनूठी पहल की है। ग्राम समाज की भूमि गोशालाओं को चारा लगाने के लिए दी जाएंगी। इसके साथ ही आमदनी बढ़ाने के लिए गोशालाओं के बाहर दुकानों का निर्माण होगा।
एसडीएम बृजेश कुमार सिंह ने गोशालाओं का प्रबंधन देख रही तहसील, नगरपालिका परिषद और नगर पंचायत ईओ की बैठक कर गोशालाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने नगरपालिका परिषद के अधीन कान्हा पशु आश्रय स्थल सहित जलालाबाद, किरतपुर आदि की गोशालाओं में रह रहे पशुओं को चारा प्रबंधन के लिए ग्राम पंचायत की भूमि चिह्नित की हैं। तहसील प्रशासन की ओर से साहनपुर गिरधावा, किरतपुर और जलालाबाद में चारा लगाने के लिए ग्राम पंचायत की 12-12 बीघा और जालबपुर गूदड़ ग्राम पंचायत के आरबपुर खजूरी मौजा में ग्राम पंचायत की नौ बीघा जमीन में पशुओं के लिए चारा लगाया जाएगा। चारा प्रबंधन नगरपालिका परिषद और नगर पंचायत के अधीन होगा।
एसडीएम ने नगरपालिका और नगर पंचायतों को कान्हा पशु आश्रय स्थल की आमदनी बढ़ाने के लिए गोशालाओं के बाहर दुकानें बनवाकर तत्काल प्रभाव से किराए पर देने और उसकी आमदनी से पशुओं की बेहतर देखभाल करने के नगरपालिका परिषद और नगर पंचायत ईओ को निर्देश दिए।