स्योहारा-धामपुर मार्ग पर गांव चंचलपुर के पास सड़क दुर्घटना में हुई युवक की मौत पर विलाप करते परिज
- फोटो : BIJNOR
अनियंत्रित मैजिक पेड़ से टकराई, एक की मौत
स्योहारा। स्योहारा-धामपुर मार्ग पर गांव चंचलपुर के निकट अनियंत्रित मैजिक वाहन पेड़ से टकरा गया। जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि करीब 18 लोग घायल हो गए। इनमें से दो लोगों को गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे की वजह वाहन की तेज गति और चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है।
मोहल्ला तकीसराय निकट संतोषी माता मंदिर निवासी रमेश सिंह सैनी, परमा सिंह, कन्हैया कुमार तहेरे चेचेर भाई हैं। इनकी बुआ गांव खानपुर थाना नगीना में है। बृहस्पतिवार की शाम ये सभी परिजनों सहित फुफेरे भाई की शादी में भात देने मैजिक वाहन से नगीना गए थे। भात में इनके जीजा जगदीश सिंह (40) पुत्र गंगू निवासी नौघना थाना शेरकोट भी शामिल हुए थे। रात में सभी भात देकर आ रहे थे। करीब दो बजे स्योहारा-धामपुर मार्ग पर गांव चंचलपुर के निकट मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गया। जिससे शेरकोट निवासी जगदीश सैनी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 18 लोग घायल हो गए। रमेश सैनी और परमा सैनी निवासी तकीसराय गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर घायल रमेश व परमा को इलाज के लिए मुरादाबाद हायर सेंटर भेजा गया है।
कन्हैया कुमार, परम सिंह, कल्याण सिंह आदि को मामूली चोट आई। वाहन को तकीसराय निवासी सोनू सैनी चला रहा था, जो घटना के बाद वाहन छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष आशीष कुमार तोमर का कहना है कि चालक को नींद की झपकी आने तथा वाहन की गति तेज होने के कारण दुर्घटना हुई है।