बिजनौर। जिले में पोर्टेबल मशीन से अल्ट्रासाउंड का खेल चल रहा है। इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि नूरपुर में बृहस्पतिवार को हरियाणा के गुरुग्राम की टीम ने भ्रूण लिंग परीक्षण करते हुए पकड़ा। छापे के दौरान आरोपी मनोज परीक्षण के लिए पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन का प्रयोग करता मिला जबकि इसका प्रयोग प्रतिबंधित है।
पूछताछ में आरोपी मनोज ने बताया कि 2008 में उसनेे पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन लाेजिक जीई मेडिकल सिस्टम 125409 डब्लूएक्स3 खरीदी थी। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अल्ट्रासाउंड जानकारों का कहना है कि जांच में मशीन पर साल 2015 की मैन्युफैक्चरिंग तारीख है। इससे साफ जाहिर है कि आरोपी कुछ न कुछ छिपा रहा है। आरोपी पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन को वैन में रखकर अवैध रूप से चला रहा था। बृहस्पतिवार को भी वह वैन से ही मशीन को उतारकर नूरपुर स्थित मकान में ले गया था। ग्राहक मिलने के बाद ही वह मशीन लेकर पहुंचता था।
मुरादाबाद से खरीदी गई थी मशीन : सूत्रों की मानें तो आरोपी मनोज ने पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन मुरादाबाद से खरीदी थी। ढाई से तीन लाख रुपये में यह मशीन मिलती है। पैसा कमाने के लिए आरोपी ने यह रास्ता चुना। इससे पहले भी हरियाणा की टीम ने उसे दो बार भ्रूण लिंग जांच करते हुए पकड़ा था। जमानत के बाद वह छूट जाता है।