नूरपुर। तृतीय चरण में शनिवार को ब्लॉक क्षेत्र में होने वाले मतदान के लिए खालसा इंटर कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। डीएम और एसपी ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा। पोलिंग और रिजर्व पार्टी के 24 कर्मचारी अनुपस्थित रहे।
नूरपुर ब्लॉक में शनिवार को होने वाले मतदान के लिए 320 पोलिंग पार्टियां खालसा इंटर कॉलेज से रवाना की गईं। मतदान सामग्री वितरित करने को 20 टेबल लगाई गई थी। एडीएम प्रशासन राममूर्ति मिश्रा ने पूरे समय मौजूद रहकर व्यवस्था पर नजर रखी।
पोलिंग पार्टी के तीन पीठासीन अधिकारी, दो प्रथम मतदान अधिकारी, दो द्वितीय मतदान अधिकारी और पांच तृतीय मतदान अधिकारी ड्यूटी से अनुपस्थित रहे। उनके स्थान पर रिजर्व में रखे गए कर्मियों को ड्यूटी पर भेजा। रिजर्व पार्टी के भी 12 कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे।
दोपहर एक बजे तक सभी मतदान कर्मचारी मतदान सामग्री लेकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए। इस दौरान डीएम विनोद कुमार पंवार और एसपी सुभाष सिंह बघेल ने खालसा इंटर कॉलेज का दौरा कर स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस मौके पर बीएसए राजेश कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम राकेश यादव, सीओ चांदपुर महेश सिंह अत्री आदि अधिकारी मौजूद रहे।
नूरपुर ब्लाक में शांतिपूर्वक ढंग से मतदान कराने के लिए ब्लॉक दो जोन और 14 सेक्टरों में बांटा गया है, कुल 127 मतदान केंद्र और 320 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। संवेदनशील, अति संवेदनशील और अति संवेदनशील प्लस श्रेणी के मतदान केंद्र चिंहित कर उन पर विशेष निगरानी की जा रही है।
14 गांवों में 16 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग
धामपुर। कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि धामपुर पुलिस कोतवाली के 14 गांवों में 16 मतदान केंद्रों पर जिला पंचायत और बीडीसी पद को लेकर आज मतदान होना है। सभी मतदान केंद्रों पर कई बार भ्रमण किया गया। सभी केंद्राें पर पोलिंग पार्टियां समय से पहुंच गईं।
मतदान सवेरे आठ बजे से शुरू होगा। शांति व्यवस्था बनाने में प्रशासन का पूरी तरह से सहयोग करें। यदि कोई व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करें तो समय रहते उन्हें सरकारी सीयूजी नंबर 9454403128 पर अवगत करा दें। जिससे ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जा सकें।
निरीक्षण किया
जलीलपुर। तृतीय चरण के मतदान के लिए श्री कृष्ण इंटर कॉलेज जलीलपुर से पोलिंग पार्टी कार्यक्रम अनुसार मतदान केंद्रों को रवाना हो गई। 28 कर्मी गैरहाजिर रहे।
जिलाधिकारी ने व्यवस्था का निरीक्षण किया। ब्लॉक जलीलपुर मे सदस्य जिला पंचायत के पांच वार्ड व सदस्य क्षेत्र पंचायत के 128 वार्ड में शनिवार को वोट डाले जाएंगे। क्षेत्र पंचायत के दो वार्ड में एक-एक वैध उम्मीदवार रहने के कारण इन दोनों क्षेत्रों में बीडीसी के वोट नही डाले जाएंगे। केवल सदस्य जिपं के उम्मीदवारों के लिए वोट डाले जाएंगे।
कासमपुरगढ़ी में 117 पदों के लिए 426 उम्मीदवार
कासमपुरगढ़ी(ब्यूरो)। कासमपुरगढ़ी ब्लाक में नाम वापसी के बाद अब कुल 117 बीडीसी पदों के लिए 426 उम्मीदवार मैदान में है। आरओ अनुपम राय ने बताया कि यहां पर कुल 119 बीडीसी पद है।
19 प्रत्याशियों ने नाम वापस कर लिए है। जिसके कारण दो वार्डो में वार्ड नंबर छह से रामायण सिंह और वार्ड नंबर 48 से अंगूरी देवी के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है। मतदान 29 अक्तूबर को सवेरे आठ बजे से होगा।
केेंद्रों की वीडियोग्राफी होगी
नहटौर। ब्लॉक क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य के चार वार्डों और सौ क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के चुनाव के लिए कुल 207 बूथों पर पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं।
चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए अति संवेदनशील केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अतिसंवेदनशील बूथों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। निर्वाचन अधिकारी अमरपाल सिंह ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टी समय से रवाना कर दी गई।
आंकू ब्लॉक में तीसरे चरण के चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। एसएनएसएम इंटर कॉलेज में पोलिंग पार्टियों को चुनाव से संबंधित सामग्री वितरित की गई।
अल्हैपुर में 415 प्रत्याशी मैदान में
धामपुर। अल्हैपुर ब्लाक में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नाम वापसी के बाद अब 120 पदों के लिए 415 उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी को चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया गया है। आरओ अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद 428 नामांकन पत्र वैध पाए गए थे।
नाम वापसी के दौरान शुक्रवार को चार वार्डों के प्रत्याशियों के नाम वापस कर लिए। जिससे 124 पदों में से अब 120 पदों के लिए केवल 415 उम्मीदवार मैदान हैं।