ब्लॉक बुढ़नपुर में भाजपा के बागियों के खाते में गईं दो सीट
स्योहारा। ब्लॉक बुढ़नपुर की जिला पंचायत सदस्य पद की चार सीटों में से दो पर भाजपा से बागी प्रत्याशियों का कब्जा रहा। जबकि एक सीट बहुजन समाज पार्टी के खाते में गई। भाजपा को मात्र एक ही सीट पर संतोष करना पड़ा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए वार्ड संख्या 48 से बहुजन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अरुण कुमार भारद्वाज ने 9383 मत लेकर विजय हासिल की। सपा के मोबीन अंसारी को 3696 मत मिले। जबकि भाजपा के राहुल को चौथे स्थान पर संतोष करना पड़ा। उन्हें 2786 मत मिले। वार्ड नंबर 49 से भाजपा के बागी प्रत्याशी आसाराम प्रजापति ने 10181 मत लेकर विजय हासिल की। सपा के मितुल कुमार 5571 मत लेकर दूसरे, जबकि भाजपा के राजीव कुमार वर्मा तीसरा स्थान पर रहे। वार्ड नंबर 50 से भाजपा के वरिष्ठ नेता आयुष चौहान 5674 मत लेकर विजयी हुए। उनके प्रतिद्वंद्वी विजेंद्र सिंह को 4850 मत मिले। वार्ड नंबर 51 से भाजपा से बगावत कर चुनाव लड़े जगवीर सिंह प्रजापति ने 5676 मत लेकर जीत हासिल की। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वकार आलम को हराया। यहां भाजपा के ओमराज को 3227 मत मिले और तीसरे स्थान पर रहे। इस चुनाव में जो प्रत्याशी पहले से ही फील्ड में काम कर रहे थे, मतदाताओं ने मात्र उन्हीं पर भरोसा जताया। चुनाव के दौरान ही मैदान में आए प्रत्याशियों को मतदाताओं ने नकार दिया। जिला परिषद सदस्य पद के इस चुनाव में मतदाताओं ने प्रत्याशियों के बड़े-बड़े दावों को खारिज कर दिया।