54 ग्राम प्रधान, 93 क्षेत्र पंचायत सदस्यों का परिणाम घोषित
स्योहारा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना एमक्यू इंटर कॉलेज में शांतिपूर्ण तरीके से सोमवार की अपराह्न तीन बजे तक संपन्न हुई। मतगणना में 54 ग्राम प्रधानों के भाग्य का फैसला हुआ। चार जिला पंचायत सदस्य भी निर्वाचित हुए। 93 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के परिणाम भी घोषित किए गए।
क्षेत्रीय मतगणना अधिकारी बाबूराम ने बताया कि मतपत्रों की गणना पूरी पारदर्शिता के साथ की गई है। जबकि ग्राम प्रधान पद के एक प्रत्याशी ने पुन: मतगणना कराए जाने की मांग को लेकर हंगामा किया। जिसके कारण कक्ष संख्या दो के परिणाम की घोषणा काफी देर बाद की गई। दोपहर एक बजे के आसपास कक्ष संख्या दो की टेबल पर ग्राम निचलपुर के मतों की गिनती हुई विजयी प्रत्याशी शेर सिंह को 378 वोट मिले। प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी हरीश चौहान को 347 वोट मिले। हरीश चौहान ने मतपत्रों की गिनती में गड़बड़ी करने आरोप लगाते हुए पुन: मतगणना कराए जाने को लेकर समर्थकों के साथ हंगामा किया। पराजित प्रत्याशी का कहना है कि गिनती में मतपत्रों की गड्डियों में गड़बड़ी की गई है। काफी देर हंगामे के कारण परिणाम रुका रहा। लेकिन मतगणना अधिकारी ने पुन: मतगणना कराए जाने से इनकार कर दिया। हरीश चौहान ने मंगलवार को जिला चुनाव अधिकारी से मिलकर पुन: मतगणना कराने की मांग रखने की बात कही है।