नूरपुर में सड़क दुर्घटना में मरने वाले वीरू का फाइल फोटो।
नूरपुर (बिजनौर)। शनिवार को अपराह्न 1 बजे बिजनौर मार्ग पर गांव खजूरी के पास रोडवेज की बस ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें रोहन (16) की मौत हो गई, जबकि दीपक व साजन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद अनियंत्रित बस ने पैदल जा रहे वीरू सैनी (65) को भी चपेट में ले लिया, जिसकी उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक गाड़ी समेत मौके से भाग निकला।
थाना क्षेत्र हीमपुर दीपा के गांव पिलाना निवासी बाइक सवार रोहन (16) पुत्र मुकेश, साजन (16) पुत्र उमेश व दीपक (20) पुत्र हरि एक बाइक से नूरपुर से अपने गांव लौट रहे थे। गांव खजूरी के पास रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने रोहन को मृत घोषित कर दिया जबकि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रोहन कक्षा दस का छात्र था।
इसी समय अनियंत्रित बस ने सड़क पर पैदल जा रहे गांव खासपुरा निवासी वीरू सैनी (65) को भी कुचल दिया। वीरू सैनी खजूरी से पैदल ही दवाई लेकर अपने गांव लौट रहा था।
सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन उपचार के लिए उसे बिजनौर ले जा रहे थे, जिसकी रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बस को पकडने के प्रयास कर रही है।
नूरपुर में सड़क दुर्घटना में मरने वाले वीरू का फाइल फोटो।