बिजनौर। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार करते हुए चोरी की तीन वारदातों का खुलासा कर दिया है। चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी भी पकड़ में आया है। हिस्ट्रीशीटर और उसके परिवार ने पिछले दिनों पुलिस टीम पर भी हमला बोल दिया था। अब पकड़े गए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
सोमवार को पुलिस लाइन के सभागार में एएसपी सिटी डॉ. केजी सिंह और एएसपी देहात गौतम राय ने प्रेस वार्ता में बताया कि हिस्ट्रीशीटर शावेज निवासी ग्राम तरीकमपुर रूपचंद उर्फ टिक्कोपुर और असलम निवासी ग्राम झलरा को पकड़ा गया है। बताया कि 29 अगस्त की रात बालाजी धाम कॉलोनी में आरती रानी के घर का ताला तोड़कर सोने का मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, चांदी की पायल, बिजली फिटिंग का सामान, 20 हजार रुपये और मोबाइल चोरी किया गया था। आरोपी शावेज के पास से पीली धातु का मंगलसूत्र, दो अंगूठी और चांदी की पायल बरामद हुई। वहीं, एक दुकान से चोरी की गई दो बैटरियां असलम के कब्जे से बरामद हुईं। पूछताछ में सामने आया कि शावेज और उसके भाई जावेद ने बैटरियां चोरी कर असलम को बेची थीं।
एएसपी सिटी डॉ. केजी सिंह ने कहा कि छह सितंबर को ग्राम गंज में दबिश के दौरान शावेज, उसके भाई सद्दाम, गालिब और अन्य लोगों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर, कांच की बोतलों और धारदार हथियार से हमला किया था। एक सिपाही के गले पर चाकू से वार किया गया था। शावेज पर पहले ही 26 केस दर्ज हैं।