संवाद न्यूज एजेंसी
मंडावर । चालक को नींद की झपकी लगने पर कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चालक समेत दो की मौत हो गई जबकि इनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बिजनौर हरिद्वार मार्ग पर गांव रानीपुर के सामने सुबह साढ़े चार बजे हुआ। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
हरिद्वार के गांव करौंदी निवासी सुल्तान (66) पुत्र यासीन, गांव सिकन्दरपुर निवासी राजा (35) पुत्र रशीद और अजहरुद्दीन (25) पुत्र मामुद्दीन निवासी ग्राम कमालपुर टापू, यमुनानगर हरियाणा शुक्रवार की शाम हरदोई से अपने अपने घर के लिए निकले। सुल्तान कार चला रहा था।
रातभर सफर करने के बाद इनकी कार बिजनौर में मंडावर-चंदक के बीच गांव रानीपुर के सामने पहुंची, तभी कार चालक को नींद की झपकी आ गई। कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में सुल्तान और राजा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अजहरुद्दीन घायल हुआ। तीनों भैंस की खरीद फरोख्त और दूध का कारोबार करते हैं। कारोबार के सिलसिले में तीनों हरदोई गए थे। जहां से लौटते वक्त हादसे का शिकार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उनके परिवार वालों को सूचना दी।