निर्माण में गड़बड़ी पर दो पंचायत अधिकारी निलंबित
बिजनौर। डीएम उमेश मिश्रा ग्राम पंचायतों में कराए जा रहे विकास कार्यों को लेकर सख्त हो गए हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत के निर्माण कार्यों में गड़बड़ी मिलने पर दो ग्राम पंचायत अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। जूनियर इंजीनियर व तकनीकी सहायक के खिलाफ कार्रवाई करने के संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं। साथ ही ग्राम प्रधान को इस बारे में नोटिस जारी किया गया है। उधर, पंचायतीराज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कुछ और ग्राम पंचायतों में कराए गांव विकास कार्यों की फाइलों की जांच चल रही है।
डीएम उमेश मिश्रा ने 27 नवंबर को नजीबाबाद ब्लॉक के ग्राम पंचायत राजपुर नवादा का निरीक्षण किया था। पंचायत में पंचायतघर तथा सामुदायिक शौचालय का निर्माण हुआ है। डीएम ने निरीक्षण में पाया कि सामुदायिक शौचालय का फर्श बैठ गया है। निर्माण की गुणवत्ता भी सही नहीं है। सामुदायिक शौचालय का निर्माण पिछले साल हुआ था। ग्राम पंचायत में उस समय विनोद कुमार ग्राम पंचायत अधिकारी तैनात थे। डीएम के निर्देश पर विनोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अनियमितताओं की आगे की जांच डीपीआरओ को सौंपी गई है। बताया गया कि निलंबन अवधि में निलंबित ग्राम पंचायत अधिकारी नजीबाबाद ब्लॉक कार्यालय से संबद्ध रहेंगे।
डीएम को गांव में जगह-जगह गंदगी के ढेर थे। गांव में सफाई अभियान नहीं चलाया गया था। डीएम ने पाया कि पंचायत घर के निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री लगाई गई है। तय मानकों को नहीं अपनाया गया है। पंचायत में वर्तमान में अर्जुन सिंह ग्राम पंचायत अधिकारी है। अनियमितताओं के आरोप में अर्जुन सिंह को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित करके आगे की जांच डीपीआरओ को सौंपी गई है। निलंबन अवधि में अर्जुन सिंह नजीबाबाद ब्लॉक कार्यालय से संबद्ध रहेंगे।
जेई तथा तकनीकी सहायक के खिलाफ कार्रवाई को भेजा पत्र
डीएम ने निर्माण की तकनीकी देखभाल की जिम्मेदारी संभालने वाले जूनियर इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई के लिए अधिशासी अभियंता अभियंत्रण विभाग तथा तकनीकी सहायक के खिलाफ कार्रवाई के लिए मनरेगा उपायुक्त को निर्देश दिए हैं। बताया गया कि जेई तथा तकनीकी सहायक के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई होगी।
प्रधान को भेजा नोटिस
ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों के क्रियान्वयन की देखरेख की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान की होती है। नजीबाबाद ब्लाक की पंचायत राजपुर नवादा प्रसिद्ध कवि दुष्यंत का पैतृक गांव है। डीएम गांव के पंचायत घर एवं सामुदायिक शौचालय के घटिया निर्माण को लेकर नाराज थे। कहा कि पंचायतों में मानक के अनुरूप पारदर्शी काम होने चाहिए। इसलिए मामले में ग्राम प्रधान को भी नोटिस भेजा गया है। डीपीआरओ सतीश कुमार ने पंचायत सचिवों के खिलाफ की गई कार्रवाई व प्रधान को नोटिस जारी करने की पुष्टि की है। कहा कि गड़बड़ी मिलने पर किसी को बक्शा नहीं जाएगा।