पासपोर्ट के लिए मिल रही दो माह की वेटिंग
बिजनौर। पासपोर्ट बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वालों को डेढ़ से दो माह बाद तक की तारीख मिल रही है। कोरोना काल के बाद अब रोजाना केवल 30 स्लॉट ही बुक किए जा सकते हैं। इससे पूर्व प्रतिदिन 40 लोगों के पासपोर्ट बनाए जाते थे। अफसरों के अनुसार पासपोर्ट बनवाने के लिए स्लॉट लेने पर ऑनलाइन फीस जमा करनी होती है।
कुछ चुनिंदा देशों को छोड़कर दुनियाभर के कई देशों में जाने के लिए पासपोर्ट बनवाने की आवश्यकता होती है। इसे बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना पड़ता है। इसके बाद आवेदक को अपने प्रमाण पत्र स्कैन कर संबंधित पासपोर्ट कार्यालय भेजने होते हैं। वहां से मोबाइल पर मेसेज आता है और निर्धारित तारीख पर आवेदक को पासपोर्ट कार्यालय पहुंचना होता है। इस दौरान आवेदक के बायोमैट्रिक लेने के बाद डाटा पुलिस ऑफिस भेजा जाता है। वहां से सत्यापन होने पर ही इसे क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय बरेली भेज दिया जाता है।
तत्काल वाला पासपोर्ट एक सप्ताह से लेकर 15 दिन तक और सामान्य वाला पासपोर्ट एक माह के भीतर संबंधित पते पर पहुंच जाता है। बरेली के क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी मोहम्मद नसीम अहमद ने बताया कि जिला बिजनौर में मुख्यालय पर स्थित प्रधान डाकघर कार्यालय परिसर में पासपोर्ट सेवा केंद्र की स्थापना तीन मार्च 2018 को की गई थी। उन्होंने बताया कि बिजनौर पासपोर्ट सेवा केंद्र में केवल सामान्य पासपोर्ट ही बनाए जाते हैं, जबकि तत्काल में पासपोर्ट बनवाने के लिए क्षेत्रीय कार्यालय पासपोर्ट कार्यालय बरेली ही जाना पड़ता है।