नूरपुर। साइबर ठगों ने एक युवक का मोबाइल फोन हैक कर उसके कोटक महिंद्रा बैंक खाते से दो लाख 14 हजार 449 रुपये निकाल लिए। यह घटना गांव लिंडरपुर निवासी दिव्यांशु यादव के साथ हुई। पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है।
दिव्यांशु यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती दो नवंबर को दोपहर करीब 3:10 बजे उनका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया था। फोन में तकनीकी समस्या आने के दौरान ही उनके बैंक खाते से पैसे निकलने लगे। साइबर ठगों ने चार अलग-अलग बार में कुल दो लाख 14 हजार 449 रुपये की रकम निकाल ली। इतनी बड़ी रकम निकलने का पता चलते ही पीड़ित हैरान रह गया। उन्होंने बिना देर किए साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को भी मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की।
सीओ देश दीपक ने इस मामले पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस साइबर ठगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।