बिजनौर/नूरपुर/पैजनिया/रेहड़। जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों में एक किशोरी समेत दो की मौत की हो गई, जबकि पांच घायल हुए हैं।
शनिवार की रात नौ बजे गांव बमनौला निवासी आशु (35) पुत्र धर्मपाल अपने दो साथियों राजकुमार पुत्र मन्नू सिंह और सोनू पुत्र घसीटा के साथ बाइक पर पैजनिया से अपने गांव जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब उनकी बाइक बिजनौर-नूरपुर मार्ग पर पैजनिया चौराहे के निकट पहुंची तो विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने आशु की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आशु की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके दोनों साथी राजकुमार और सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया जबकि गंभीर घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। भाई सुरेंद्र की तहरीर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।
उधर, नूरपुर के मोहल्ला रामनगर गुरुद्वारा कॉलोनी निवासी सरदार सतवीर उर्फ बंटी की बेटी मनप्रीत कौर (14) मोहल्ला रामनगर स्थित गुरुद्वारा से मत्था टेककर घर लौट रही थी। स्योहारा मार्ग को पार करते समय पिकअप गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी, जिसमें मनप्रीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की मदद से उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।
तीसरा सड़क हादसा थाना रेहड़ क्षेत्र में हुआ। मानियावाला निवासी नन्हे सिंह अपनी बहन स्वाति के साथ बाइक से अफ़जलगढ जा रहा था। जबकि कासमपुरगढ़ी निवासी शोएब साइकिल से अपने घर आ रहा था। गांव, उधोवाला स्थित प्रवेश बैंक्वेट हाॅल के सामने किसी वाहन से बचने के प्रयास में बाइक व साइकिल आपस में टकरा गई। दुर्घटना में स्वाति घायल हो गई जबकि नन्हे एवं शुएब मामूली चोटिल हो गए। घायल को उपचार के लिए पीएचसी कासमपुरगढ़ी पर भर्ती कराया।