सड़क हादसे में मंगलामुखी सहित दो की मौत
बिजनौर। सड़क हादसे में एक व्यक्ति व एक मंगलामुखी की मौत हो गई। दोनों एक शादी कार्यक्रम से गाड़ी से लौट रहे थे। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। हादसे में मरने वालों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
थाना धामपुर की पुराना धामपुर कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय मुजीबुर्रहमान शुक्रवार रात अपनी कार से परिजनों के साथ बिजनौर में एक बैंक्वेट हॉल में शादी में शामिल होने आए थे। उन्हें धामपुर में भी एक शादी में जाना था। वे रात करीब 11 बजे बिजनौर से धामपुर के लिए चल दिए। कार में उनकी पत्नी अहलिया, साली फातिमा, तीन बेटी फाइजा, माहिरा, आईरा, बेटा फैज व ड्राइवर महबूब भी मौजूद थे। उनके साथ गाड़ी में रहने वाली मंगलामुखी मुस्कान भी थी। झालू मार्ग पर चौराहे के पास रेलवे फाटक रोड पर उनकी कार सामने से आए ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में गंभीर घायल हुए मुजीबुर्रहमान व मंगलामुखी मुस्कान की मौत हो गई। बाकी सदस्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाए। मुजीबुर्रहमान झालू चेयरमैन शहजाद अहमद के फूफा थे।