जिले में थम नहीं रहा बुखार और डेंगू का प्रकोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/ नींदडू/पैजनिया। जिले में बुखार और डेंगू का प्रकोप थम नहीं रहा है। बृहस्पतिवार को बुखार से मदरसे के छात्र सहित दो की मौत हो गई। उधर, डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या में भी रोजाना इजाफा हो रहा है। बृहस्पतिवार को चार नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
मदरसा अखलाकिया इस्लामिया नींदडू में छात्र मोहम्मद अकदम (11) पुत्र शरीफ अहमद की बुखार से पीड़ित मौत हो गई। इसके अलावा पैजनिया निवासी वृद्ध महिला की भी बुखार से मौत हो गई।
मदरसे के सचिव मौलाना शमशीर अहमद मजाहिरी ने बताया कि मोहम्मद अकदम ने कुरआन पाक के आठ सिपारे मौखिक रूप से हिफ्ज कर लिए थे। छात्र को सप्ताह भर पहले बुखार आया था। कई चिकित्सकों से इलाज कराने के बाद 16 अक्तूबर को उसे मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 18 अक्तूबर की रात में मोहम्मद अकदम का इंतकाल हो गया। बृहस्पतिवार को शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।
उधर, पैजनिया निवासी किशनदेई (65) पत्नी किशन सिंह को 15 दिन से बुखार था। परिजनों के अनुसार वृद्धा का उपचार गांव में हो चल रहा था। बुधवार की रात तबियत बिगड़ने पर परिजन उन्हें बिजनौर निजी चिकित्सक के ले गए। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
87 हो गई जिले में डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या
मलेरिया विभाग से मिली जानकारी के अनुसार नूरपुर के सराय रफी निवासी 23 वर्षीय युवक, बिजनौर के मोहल्ला नई बस्ती में सुनारो वाली गली निवासी 64 वर्षीय पुरुष, नूरपुर के गांव हथाई निवासी 30 वर्षीय युवक, किरतपुर के गांव जागीड़वाला निवासी 56 वर्षीय महिला में डेंगू की पुष्टि हुई है। अब जिले में डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या 87 हो गई है।
अस्पताल में बुखार के मरीजों की भीड़
मेडिकल अस्पताल में बुखार के मरीजों की काफी भीड़ है। बृहस्पतिवार को अस्पताल में बुखार के करीब 80 मरीज आए। अस्पताल में बुखार 28 मरीज भर्ती रहे। भीड़ अधिक होने पर मरीजों को बेंच पर लिटाकर ग्लूकोज की बोतल चढ़ाई गई।
जिले में जहां भी डेंगू के मरीज मिले हैं, वहां एंटी लार्वा का छिड़काव और फाॅगिंग करा दी गई है। डेंगू से ग्रसित सभी मरीजों की तबीयत ठीक है। जिले में डेंगू से किसी की मौत नहीं हुई है। - आशुतोष सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी, बिजनौर