-अभी तक चार संदिग्ध डेंगू रोगियों की हुई थी पुष्टि
-अक्तूबर शुरू होते ही डेंगू के लिए मुफीद हो गया तापमान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में इस साल पहली बार डेंगू के दो मरीजों की पुष्टि हुई है। जलीलपुर क्षेत्र में 56 वर्षीय व्यक्ति और बिजनौर शहर के मोहल्ला खत्रियान में 20 वर्षीय युवक डेंगू संक्रमित मिला है। दोनों मरीजों की तबीयत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों के घरों के आसपास एंटी लार्वा का छिड़काव कराकर मच्छरों के लार्वा को नष्ट कराया है।
अक्तूबर शुरू होते ही मौसम में बदलाव के साथ डेंगू का खतरा बढ़ने लगा है। तापमान में कमी आने के बावजूद दिन में गर्मी और वातावरण में नमी डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर के लिए अनुकूल बनी हुई है। इसी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। इस समय संचारी रोग नियंत्रण अभियान भी चल रहा है। इससे पहले सितंबर माह में डेंगू के चार संदिग्ध मरीज मिले थे। लेकिन एलाइजा टेस्ट में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई थी। अब अक्तूबर में दो मरीजों में डेंगू संक्रमित मिले हैं। दोनों मरीजों में डेंगू की पुष्टि होने के बाद मलेरिया विभाग की टीम ने संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर कार्रवाई की।
टीम ने संक्रमित मरीजों के घरों और आसपास के स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। साथ ही लोगों को घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने के लिए जागरूक किया गया। कूलर, गमले, टायर, खाली बर्तन और अन्य स्थानों पर जमा साफ पानी में डेंगू का मच्छर पनप सकता है।
वर्जन::
डेंगू के दो संक्रमित मरीज मिले हैं। उनकी तबीयत स्वस्थ है। एंटी लार्वा का छिड़काव करा दिया गया है। सभी लोग अपने आसपास पानी एकत्र नहीं होने दें।
....मंजूषा गुप्ता, जिला मलेरिया अधिकारी, बिजनौर