बिजनौर में बारिश के बाद अब ठिठुरन बढ़ गई है। जिले में बढ़ी ठंड को देखते हुए कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों में 10 और 11 जनवरी का भी अवकाश घोषित कर दिया गया है। इसके लिए डीएम की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। हालांकि शिक्षकों को स्कूल जाना होगा।
बता दें कि शनिवार रात हुई झमाझम बारिश के बाद अब मौसम और अधिक ठंडा हो गया है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण सर्द हवाओं का भी सितम शुरू हो गया है। सोमवार सुबह से ही घने कोहरे की चादर आसमान में छाई रही। कोहरा अधिक होने के कारण वाहनों के पहियों की रफ्तार भी धीमी रही। हालांकि बारिश से किसानों ने राहत महसूस की।
नगर पालिका ने रात को राहगीरों के लिए अलग-अलग चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। सुबह के मौसम को देखते हुए अनुमान है कि अभी कई दिन तक मौसम और अधिक ठंडा रहेगा। सोमवार को जिले के सभी स्कूल खुले। लेकिन ठंड़ को देखते हुए डीएम के निर्देश पर कक्षा एक से आठ तक के बच्चों का अवकाश करने से बच्चों के साथ ही अभिभावकों ने भी राहत महसूस की।
सोमवार को स्कूलों में शिक्षकों ने बच्चों को मिड डे मील खिलाने के बाद अवकाश कर दिया। उधर, बीएसए महेश चंद्र ने बताया कि बच्चों के लिए ही ठंड में छुट्टी बढ़ाई गई है। शिक्षकों को विद्यालयों में समय से पहुंचना होगा। उन्हें निर्वाचन संबंधी कार्यों को भी निपटाना होगा। इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारियाें को निगरानी के लिए कहा गया है।