बैंक में चोरी के प्रयास में दो गिरफ्तार
नूरपुर। पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व गोहावर बैंक में चोरी का प्रयास करने के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी किसान सेवा सहकारी समिति का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है।
गोहावर में किसान सेवा सहकारी समिति के प्रांगण में जिला सहकारी बैंक है। एक सप्ताह पहले चोरों ने बैंक की पीछे की खिड़की तोड़कर चोरी का प्रयास किया था, लेकिन खिड़की न टूटने से चोरी होने से बच गई थी। इस मामले में शाखा प्रबंधक की ओर से अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार पुलिस ने शुक्रवार रात गश्त के दौरान गोहावर निवासी चंद्रपाल और सुमित को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से चाकू और पेचकस बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने बैंक में चोरी करने का प्रयास करने की बात स्वीकार की है। पकड़ा गया चंद्रपाल किसान सेवा सहकारी समिति का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। उसे पता था कि बैंक में काफी कैश रखा हुआ है। पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया है।