बिजनौर जिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन का टीका लगवाने के बाद अपना कार्ड दिखाते नागरिक।
- फोटो : BIJNOR
ढाई हजार लोगों को लगाई वैक्सीन की दूसरी डोज
बिजनौर। जिला अस्पताल सहित जिले के कुल 17 बूथों पर एंटी कोविड वैक्सीन लगाकर लोगों को प्रतिरक्षित किया गया। बृहस्पतिवार को लगभग 6050 लोगों को एंटी कोविड वैक्सीन लगाकर प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य था। इसके सापेक्ष मात्र 2914 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। 2444 लोगों को दूसरी डोज लगनी थी, लेकिन 1906 लोग ही टीका लगवाने पहुंचे। 45 ये 59 आयु वर्ग के 48 और 60 साल साल से ऊपर वाले 542 लोगों को टीके लगाए गए। इस काम के लिए इन बूथों पर एक से बढ़ाकर तीन-तीन टीमें लगाई गईं।
जिले में कुल 17 बूथों पर अग्रिम पंक्ति के कोरोना योद्धाओं और आम जनता को एंटी कोविड वैक्सीन लगाकर प्रतिरक्षित किया गया। इस दौरान लोगों को प्रथम और द्वितीय डोज लगाई गई। दूसरी डोज उन लोगों को लगी, जिनका चार फरवरी को टीकाकरण हुआ था। शासन के निर्देश पर जनपद में 16 जनवरी को अग्रिम पंक्ति के कोरोना योद्धा स्वास्थ्य कर्मियों को एंटी कोविड वैक्सीन से प्रतिरक्षित किया गया था। तब से लेकर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को कुल 17 बूथों पर टीकाकरण किया गया। जिला अस्पताल के बूथ पर जिला जज जयश्री आहूजा को पहली बार प्रतिरक्षित किया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय, सभी एडीएम, एसडीएम सदर विक्रमादित्य सिंह मलिक, उप जिला मजिस्ट्रेट संगीता को दूसरी डोज लगेगी, इन्हें पांच फरवरी को पहली डोज लगाई गई थी। सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने विभिन्न टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना में शामिल बीना प्रकाश हॉस्पिटल, पुलकित मेमोरियल हॉस्पिटल, शक्ति नर्सिंग होम में भी टीकाकरण हुआ।