बढ़ापुर। बढ़ापुर पुलिस ने साइबर ठगी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी शेयर बाजार में निवेश का लाभ दिलाने का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 22 हजार रुपये की नकदी, दो आधार कार्ड और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के विश्लेषण से अमरजीत सिंह और मनदीप सिंह का नाम सामने आया। अमरजीत सिंह ग्राम भोगपुर का निवासी है, जबकि मनदीप सिंह ग्राम चंपतपुर चकला का रहने वाला है। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी फर्जी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों का उपयोग करते थे। वे लोगों को स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग में निवेश का लालच देकर धोखाधड़ी करते थे। ठगी की गई धनराशि विभिन्न राज्यों से मंगवाकर एटीएम के माध्यम से नकद निकाली जाती थी। थाना बढ़ापुर में 10 जुलाई को संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अमरजीत सिंह की निशानदेही पर 18,300 रुपये नकद बरामद हुए। मनदीप सिंह के घर से 4,700 रुपये नकद मिले। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाने में पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। सीओ नगीना राजेश सोलंबी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता कराया जा रहा है कि इनके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे।