अफजलगढ़ पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई से नाखुश होकर जिलाधिकारी से मिलने जा रहीं नानकी समूह की महिलाओं को एसडीएम ने रोक दिया। महिलाओं ने कहा कि पुलिस-प्रशासन से उनका भरोसा टूट चुका है, जब तक डीएम और एसपी शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेंगे वह चैन से नहीं बैठेंगी।
एसडीएम ने महिलाओं को विश्वास दिलाया कि शराब के अवैध धंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बृहस्पतिवार को नानकी समूह की महिलाएं शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर डीएम से मिलने जा रही थीं। सूचना मिलने पर एसडीएम सतेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ सीओ दफ्तर के पास महिलाओं को रुकवा दिया।
इस दौरान महिलाओं की एसडीएम से झड़प हो गई। महिलाओं ने एसडीएम को खरी खोटी सुनाई। महिलाओं ने कहा कि एसडीएम और सीओ शराब माफिया नहीं पकड़ सकते हैं। डीएम व एसपी ही शराब माफिया के खिलाफ सख्त कदम उठा सकते है। स्थानीय पुलिस प्रशासन से उनका भरोसा टूट चुका है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि सब के सब शराब माफिया के हाथों बिके हुए हैं।
शराब तक महिलाएं बरामद कर दे रही हैं। फिर भी पुलिस प्रशासन माफिय के खिलाफ कार्रवाई से बच रहा है। एसडीएम ने महिलाओं को 24 घंटे के भीतर शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया। महिलाओं ने चेताया है कि यदि 24 घंटे में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो कई गांव की महिलाओं के साथ डीएम व एसपी दफ्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
महिलाओं ने एसडीएम से शराब माफिया पर रासुका और जिलाबदर करने की मांग की। महिलाओं ने सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को भी सौंपा। इस मौके पर महिला मंडल की अध्यक्षा निर्मल कौर, कमला नेगी, मीत कौर, बलविंदर कौर, गुरदीप कौर, हरदेव कौर, जिंदर कौर, रोशनी, रेखा रानी, प्रधान अय्यूब अंसारी, पूर्व प्रधान, राजेंद्र सिंह, निहाल सिंह, बूटा सिंह, रामसिंह, गुरनाम सिंह, मदन फौजी आदि मौजूद रहे।