हल्दौर के गांव अम्हेड़ा के रेलवे फाटक के पास सड़क दूर्घटना में क्षतिग्रस्त ट्रक।
- फोटो : BIJNOR
सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत
हल्दौर। गांव अम्हेड़ा रेलवे फाटक के पास हुए सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौके ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। ट्रक स्वामी ने दूसरे ट्रक के फरार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रविवार की देर रात करीब साढ़े 11 गांव अम्हेड़ा के रेलवे फाटक के निकट एक ट्रक नूरपुर से बिजनौर की ओर जा रहा था। इस ट्रक के आगे एक अन्य ट्रक चल रहा था। पुलिस के अनुसार आगे वाले चालक ने रेलवे फाटक के समीप अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे उसके पीछे चल रहे ट्रक की आगे चल रहे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में पीछे चल रहा ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। उसके चालक नवजोत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह (25) निवासी गांव लिसाड़ी थाना नूरपुर बेदी जनपद रोपड़ (पंजाब) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक में से उसके चालक के शव को बमुश्किल बाहर निकलवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के बाद दूसरा चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त हुआ ट्रक छत्तीसगढ़ से पंजाब जा रहा था। अम्हेड़ा चौकी प्रभारी अजय शर्मा का कहना है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक स्वामी गुरप्रीत सिंह ने इस मामले में अपना ट्रक इत्तेफाकया दुर्घटनाग्रस्त होने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है।