नहटौर में बेकाबू ट्रक ने टक्कर मारकर दो बाइकों सहित चार वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। टक्कर लगने के दौरान भगदड़ मच गई। दो महिलाओं सहित छह दर्जन लोग घायल हो गए।
एक बाइक सवार युवक व अफजलगढ़ शुगर मिल के चीफ मैनेजर भी बाल बाल बच गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। एक गंभीर घायल को बिजनौर रेफर किया गया। जहां उसकी एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। ट्रक को एजेंसी चौराहे पर छोड़कर चालक फरार हो गया।
नहटौर-धामपुर मार्ग पर जेवीएम इंटर कॉलेज के सामने बेकाबू ट्रक ने दो बाइक, एक थ्री व्हीलर व अफजलगढ़ शुगर मिल के चीफ जनरल मैनेजर की गाड़ी को रौंद डाला। सबसे पहले बेकाबू ट्रक ने कोतवाली देहात के बाईक सवार मंजूर अहमद को टक्कर मार दी। जिसमें मंजूर अहमद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके बाद बिजनौर कंभौर निवासी शोभित कुमार की बाइक में टक्कर मार दी। शोभित ने बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। ट्रक ने सामने से आ रहें थ्री व्हीलर को चपेट में ले लिया। थ्री व्हीलर सड़क पर पलट गया। चालक गांव जरीफपुर निवासी अशोक कुमार थ्री व्हीलर में बैठें कागपुर निवासी यासीन, बच्चेवाला निवासी मिथलेश, नकीबपुर निवासी बीना देवी घायल हो गई। थ्री व्हीलर में टक्कर मारने के बाद ट्रक ने अफजलगढ़ द्वारिकेश शुगर मिल के जनरल चीफ मैनेजर एसपी सिंह की गाड़ी में टक्कर मार दी। एसपी सिंह बाल बाल बच गए। बेकाबू ट्रक को देखकर अफरा तफरी मच गई। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल मंजूर अहमद को बिजनौर रेफर कर दिया गया है। परिजनों ने गंभीर हालत में मंजूर अहमद को बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने बेकाबू ट्रक को कब्जे में ले लिया है। कोतवाल प्रेमवीर राणा का कहना है कि फरार ट्रक चालक को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे है। वहीं नगीना में नगीना थाना क्षेत्र के ग्राम तुख्मापुर हरवंश निवासी हसीनुद्दीन अपनी मोपेड से नगीना आ रहा था जब वह कोतवाली-नगीना रोड स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के सामने पहुंचा तो पीछे की ओर से आ रही एक डीसीएम गाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी कमर में गहरा घाव होने पर नगीना सीएचसी पर भर्ती कराया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद बिजनौर रेफर कर दिया गया।