नहटौर में सड़क दुर्घटना में मरे किशोर के गमजदा परिजन।
- फोटो : BIJNOR
नहटौर। चांदपुर चुंगी पर एक ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी, जिसमें साइकिल सवार एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक चालक ट्रक लेकर भागने लगा, जिसे युवकों ने कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। उन्होेंने ट्रक में तोड़फोड़ करते हुए ट्रक चालक के साथ मारपीट की। कार्रवाई की मांग को लेकर मोहल्लेवासियों ने चांदपुर चुंगी पर जाम लगा दिया, जो देर रात तक जारी था।
मोहल्ला धर्मशाला निवासी अभिषेक सैनी (15) पुत्र नंदकिशोर मोहल्ले के ही शिवम सैनी (16) पुत्र नरेन्द्र सिंह के साथ साइकिल से घर जा रहा था। चांदपुर चुंगी पर नूरपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी, जिसमें अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को सीएचसी में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। उधर युवकों ने ट्रक लेकर भाग रहे ट्रक चालक को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के सामने ही युवकों ने ट्रक में तोड़फोड़ करते हुए ट्रक चालक की पिटाई करनी शुरू कर दी। पुलिस ने बामुशिकल चालक को बचाया। और उसे थाने लेकर पहुंची।
इसके बाद दर्जनों युवक अस्पताल पहुंच गए और वहां से थाने की ओर रुख कर दिया। पुलिस ने युवकों को वहां से खदेड़ा। उसके बाद युवक चांदपुर चुंगी पर पहुंच गए और नहटौर चांदपुर मार्ग पर चांदपुर चुंगी पर जाम लगा दिया। सीओ अजय कुमार अग्रवाल व एसडीएम धीरेंद्र सिंह जाम स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नहटौर में सड़क दुर्घटना में किशोर की मौत के विरोध में जाम लगाते परिजन और ग्रामीण।- फोटो : BIJNOR