मंडावली/नजीबाबाद। ट्रक और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर में ट्रक चालक संभल निवासी फारूक गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक के केबिन में फंसे चालक को पुलिस ने केबिन से बाहर निकालकर उपचार दिलाया।
मंडावली थाना क्षेत्र के भागूवाला में पेट्रोल पंप के निकट तड़के ट्रक और ट्रैक्टर ट्राली में आमने-सामने टक्कर हो गई। ट्रक नजीबाबाद दिशा से हरिद्वार दिशा की ओर जा रहा था जबकि ट्रैक्टर सांई स्टोन क्रेशर से रेत लेकर भागूवाला की ओर आ रहा था। शनिवार को तड़के ट्रैक्टर और ट्रक में आमने-सामने भीषण टक्कर होने से ट्रक चालक हरियावाला असमोली संभल निवासी 30 वर्षीय फारूक ट्रक के केबिन में फंस गया। ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को छोड़कर घटनास्थल से भाग गया। सूचना मिलने पर मंडावली के थाना प्रभारी राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। थाना प्रभारी ने स्वयं ट्रक के केबिन में फंसे चालक फारूक को केबिन से बाहर निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को अपने कब्जे में ले लिया। ट्रैक्टर चालक सबलगढ़ निवासी यूसुफ की पुलिस तलाश कर रही है।